मथुरा। रिफाइनरी की पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ मथुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट के तहत मध्य प्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ निवासी तेल माफिया अशोक जैन की करीब 20 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। कुर्क की गई संपत्तियों में इंदौर स्थित पेट्रोल पंप के साथ देवास के तीन खेत और दो प्लॉट शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पूर्व गिरोह ने मथुरा के फरह थाना क्षेत्र के सेरसा गांव के समीप रिफाइनरी की पाइपलाइन में सेंध लगाकर बड़े पैमाने पर तेल चोरी की थी। आरोप है कि तेल चोरी से अर्जित रकम के जरिए गिरोह के सदस्यों ने करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियां खड़ी कीं।
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने गिरोह के 11 सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित करने की कार्रवाई शुरू की गई।
एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देशन में मथुरा पुलिस ने मध्य प्रदेश के देवास और इंदौर में अशोक जैन की संपत्तियों को चिन्हित किया। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश पहुंचकर करीब 20 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर दी।