Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 05 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा के पत्रकार की बाइक के नंबर पर हरियाणा में दौड़ रही दूसरी बाइक! ₹1000 का चालान आने पर खुला मामला

मथुरा। जिले के एक पत्रकार की मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर का कथित तौर पर फर्जी इस्तेमाल कर हरियाणा में दूसरी बाइक चलाए जाने का मामला सामने आया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब पत्रकार ने अपने वाहन का ई-चालान चेक किया और पलवल, हरियाणा में ₹1000 का चालान दर्ज मिला। पीड़ित पत्रकार ने एसएसपी मथुरा को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कराने की मांग की है।

दैनिक हिंदी जिलानज़र समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ राहुल गौड़ के अनुसार, उनके पास हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल है, जिसका पंजीकरण नंबर UP 85 BA-2595 है। वाहन का ऑनलाइन रिकॉर्ड देखने पर उन्हें पता चला कि इसी नंबर पर 19 फरवरी 2025 को पलवल, हरियाणा में ₹1000 का ई-चालान किया गया था।

राहुल गौड़ का कहना है कि जब उन्होंने चालान के साथ उपलब्ध फोटो देखी तो उसमें दिखाई दे रही मोटरसाइकिल उनकी बाइक से अलग थी। उनके मुताबिक चालान वाली बाइक पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नहीं लगी थी, जबकि उनकी बाइक पर वैध HSRP लगी हुई है। इतना ही नहीं, चालान में दिखाई दे रही बाइक का रंग ब्लैक-रेड है, जबकि उनकी मोटरसाइकिल ब्लैक-ब्लू रंग की है।

पीड़ित का यह भी दावा है कि चालान की तस्वीर में बाइक पर दिखाई दे रहे दोनों व्यक्ति उनके लिए पूरी तरह अपरिचित हैं। राहुल गौड़ के मुताबिक उनकी असली मोटरसाइकिल कभी मथुरा से बाहर नहीं गई, इसलिए पलवल में उसी वाहन का चालान होना संभव नहीं है।

इस पूरे मामले के बाद पत्रकार ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर की फर्जी नंबर प्लेट तैयार कर उसका इस्तेमाल किया है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि फर्जी नंबर प्लेट लगे वाहन का इस्तेमाल किसी दुर्घटना, अपराध या अन्य गैरकानूनी गतिविधि में किया जाता है तो वाहन के वास्तविक मालिक को अनावश्यक कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

राहुल गौड़ ने एसएसपी मथुरा से अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच कराने की मांग की है। साथ ही पलवल ट्रैफिक पुलिस से संबंधित चालान की मूल फोटो और उपलब्ध वीडियो रिकॉर्ड मंगाकर फर्जी नंबर प्लेट इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति एवं वाहन की पहचान कर कार्रवाई की मांग की गई है।

पीड़ित ने जांच में अपनी बाइक की संलिप्तता नहीं पाए जाने पर कानूनी संरक्षण देने और गलत तरीके से उनके वाहन नंबर पर दर्ज चालान को निरस्त कराने की प्रक्रिया कराने की भी मांग की है। फिलहाल ये तथ्य पीड़ित की शिकायत और उसके दावों पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

Previous News

रिश्वतखोर सिपाही को पकड़वाने वाले युवक को जान का खतरा, राजीनामे के लिए धमकी देने का आरोप

Next News

दो अवैध कॉलोनियों पर MVDA का चला बुलडोजर, सड़क-बिजली पोल समेत अवैध निर्माण ध्वस्त