Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 04 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
सुबह 8 बजे से पहले हर हाल में उठे कूड़ा सफाई व्यवस्था में दिखी लापरवाही तो होंगी कार्यवाही नगर आयुक्त -ओजस्वी राज

मथुरा-वृंदावन की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ओजस्वी राज सख्त नजर आए। मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी डलाव घरों से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से पहले हर हाल में कूड़ा उठा लिया जाए। नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

मथुरा-वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने मंगलवार को शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। नगर निगम कार्यालय में हुई बैठक में उन्होंने सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने सभी सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के सभी चिन्हित डलाव घरों और कूड़ा जमा होने वाले संवेदनशील स्थानों से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से पहले कूड़े का उठान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी डलाव घरों को चिन्हित कर उनकी नियमित सफाई कराई जाए। किसी स्थान पर सफाई कार्य में समस्या आने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को जानकारी दी जाए, लेकिन किसी भी परिस्थिति में सफाई कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।

नगर आयुक्त ने सभी चिन्हित डलाव घरों की सटीक स्थिति सहित विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए। प्रत्येक स्थान की वर्तमान सफाई स्थिति और नियमित जानकारी दर्ज की जाएगी, जिसकी नगर आयुक्त स्वयं समीक्षा करेंगे।

इसके साथ ही सभी सफाई कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी और पहचान पत्र के साथ कार्यस्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों की कार्य संबंधी पंजिका और उपस्थिति पंजिका भी व्यवस्थित रखने को कहा गया।

बैठक में नगर आयुक्त ने नेचर किंग कंपनी के प्रतिनिधि को भी तलब किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिन्हित डलाव घरों से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से पहले कूड़ा उठाने और सफाई का काम पूरा किया जाए।

बैठक में अपर नगर आयुक्त सुनीता कुमारी, अनिल कुमार, सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा, मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के सभी सफाई निरीक्षक और स्वच्छ भारत मिशन की टीम मौजूद रही।

Previous News

सावन के पहले सोमवार पंचेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा परिसर

Next News

मथुरा के कृष्णानगर में अवैध छुरी के साथ युवक गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई