बरसाना में दबंगई का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है। महज़ रास्ता मांगने जैसी छोटी सी बात पर दबंगों ने एक छात्रा के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि बीच-बचाव करने आए उसके पिता और चाचा पर लोहे की सरियों से जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से क्षुब्ध पीड़ित आज न्याय की गुहार लगाने एसएसपी दफ्तर पहुंचे।
दृश्यों में दिख रहे ये घायल शख्स और उनके सिर पर बंधी खून से सनी पट्टियां गवाही दे रही हैं उस बर्बरता की, जो बरसाना के वाल्मीकि मोहल्ले में घटित हुई। पीड़ित रूपचंद के मुताबिक, उनकी नतिनी स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में कुछ दबंग शराब पी रहे थे। जब छात्रा ने रास्ता देने को कहा, तो दबंग आगबबूला हो गए और फब्तियां कसते हुए कहा- ज्यादा बड़ी मैडम बन रही हे फिर देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि दबंगों ने छात्रा के पिता और चाचा को घेर लिया। आरोप है कि लोहे की सरियों से उन पर हमला किया। हमले में रूपचंद के बेटों को गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ितों का आरोप है कि थाने में सुनवाई न होने के कारण उन्हें अब एसएसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।