अयोध्या कोतवाली नगर क्षेत्र के हैदरगंज मोहल्ले में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, गौरव सोनी ने अपने घर में टैंक की सफाई के लिए मजदूर लगाए थे। सफाई के दौरान मजदूर आदर्श राजभर का पैर फिसल गया और वह टैंक में गिर गया। उसे बचाने के लिए गौरव सोनी भी अंदर उतर गए, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह भी टैंक में जा गिरे।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने दोनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि इलाज के दौरान गौरव सोनी की मौत हो गई, जबकि आदर्श राजभर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज लखनऊ में जारी है।