मथुरा। सावन के पहले सोमवार पर मथुरा के प्रसिद्ध श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर शिवमय नजर आया।
सावन के पहले सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्त हाथों में गंगाजल, दूध, बिल्वपत्र, पुष्प और पूजा सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान भूतेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार के कल्याण की कामना की।
इस खास अवसर पर बाबा भूतेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार किया गया और 56 भोग अर्पित किए गए। विभिन्न प्रकार के व्यंजनों और मिष्ठानों से सजी छप्पन भोग की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बाबा की दिव्य झांकी के दर्शन कर भक्त भावविभोर नजर आए।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। भक्त कतारबद्ध होकर बाबा भूतेश्वर महादेव के दर्शन करते नजर आए। दिनभर मंदिर में घंटे-घड़ियाल और महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
सावन के पहले सोमवार पर भगवान भूतेश्वर महादेव के जलाभिषेक, दिव्य श्रृंगार और 56 भोग के साथ कान्हा की नगरी में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।