मथुरा। प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षा मित्रों के स्थानांतरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में शिक्षा मित्रों ने धौली प्याऊ स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।
शिक्षा मित्रों का कहना है कि 3 जनवरी 2025 के शासनादेश और निदेशक बेसिक शिक्षा उत्तर प्रदेश के आदेश के तहत शिक्षा मित्रों की मूल विद्यालय में वापसी तथा महिला शिक्षा मित्रों को उनके ससुराल की ग्राम पंचायत के विद्यालयों में स्थानांतरण की व्यवस्था की गई थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित प्रक्रिया का अपेक्षित रूप से पालन नहीं किया गया।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मित्रों ने वरीयता सूची और रिक्त पदों को लेकर भी सवाल उठाए और पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने की मांग की।
शिक्षा मित्रों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से एक अन्य महत्वपूर्ण मांग करते हुए कहा कि उनके कार्यों और समस्याओं के निस्तारण के लिए कोई निर्धारित पटल प्रभारी नहीं है। इसके कारण उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर अलग-अलग पटलों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
धरना दे रहे शिक्षा मित्रों ने मांग की कि शिक्षा मित्रों से संबंधित कार्यों के लिए अलग पटल निर्धारित कर जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी की नियुक्ति की जाए, जिससे उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।