पाकिस्तान। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ। काबल इलाके में पुलिस स्टेशन के बाहर हुए धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई, जबकि 34 लोग घायल बताए गए हैं। मृतकों में पुलिसकर्मी और आम नागरिक शामिल हैं।
घटना के समय इलाके में स्थानीय लोगों की एक रैली चल रही थी, जिसमें बढ़ती हिंसा के खिलाफ आवाज उठाई जा रही थी। हालांकि जांच में यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि हमलावर का मुख्य निशाना रैली थी या पुलिस स्टेशन। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और हमलावर की मदद करने वाले संभावित लोगों की तलाश की जा रही है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की निंदा करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।