मथुरा। सावन के पवित्र माह के प्रथम सोमवार पर प्रमुख शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने के मद्देनजर जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कांवड़ यात्रा मार्गों और प्रमुख शिव मंदिरों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया जा रहा है। कांवड़ मार्गों पर पेड़ों की छंटाई, साफ-सफाई, शिविरों में आवश्यक सुविधाओं के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी निगरानी कर रहे हैं। ड्रोन और CCTV कैमरों के जरिए कांवड़ मार्गों और प्रमुख मंदिर परिसरों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वहीं जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। अस्पतालों में आवश्यक कक्ष आरक्षित रखने के साथ कांवड़ मार्गों पर एंबुलेंस की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।