Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 03 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
श्री बृज आदर्श कन्या इंटर कॉलेज का होगा कायाकल्प, छात्राओं को मिलेंगे 50 कंप्यूटर, 200 साइकिलें और 2 स्कूल बसें

मांट/मथुरा। कस्बा मांट स्थित श्री बृज आदर्श कन्या इंटर कॉलेज का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। शिक्षा अलंकार न्यास की पहल पर विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं और दानदाताओं के सहयोग से कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए कई करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। आगामी 8 अगस्त को विद्यालय परिसर में विकास कार्यों के लोकार्पण और नए निर्माण कार्यों के शिलान्यास का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कॉलेज के प्रबंधक पद्म सिंह शर्मा ने बताया कि शिक्षा अलंकार न्यास विभिन्न शिक्षण संस्थानों को बेहतर सुविधाओं से लैस करने के लिए समाजसेवी संस्थाओं और दानदाताओं को जोड़कर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में श्री बृज आदर्श कन्या इंटर कॉलेज को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कई संस्थाओं और समाजसेवियों ने सहयोग के लिए हाथ बढ़ाया है।

छात्राओं की डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रियल भारद्वाज की ओर से 50 कंप्यूटर प्रदान किए जाएंगे। वहीं सोलंकी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को 200 साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा वृंदावन की एक संस्था की ओर से कॉलेज को दो स्कूल बसें भी दी जाएंगी।

समाजसेवी सुमेधा अय्यर के सहयोग से तीन कमरों के लिए फर्नीचर, सौंदर्यीकरण, खिलौने और डिजिटल बोर्ड की व्यवस्था की जाएगी। वहीं कॉलेज परिसर को हरा-भरा और आकर्षक बनाने के लिए बसेरा ग्रुप द्वारा ‘गुलाब वाटिका’ विकसित की जाएगी।

8 अगस्त को नए भवनों और कक्षों की आधारशिला भी रखी जाएगी। इनमें क्षेत्रीय विधायक निधि से बनने वाला एक कक्ष, सांसद निधि से स्वीकृत दो कक्ष और सुमेधा अय्यर के सहयोग से प्रस्तावित दो अन्य कक्ष शामिल हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कान्त मिश्रा होंगे। वहीं क्षेत्रीय विधायक राजेश चौधरी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

वार्ता के दौरान पूर्व प्रमुख ठाकुर सुखबीर सिंह, ठाकुर केहरी सिंह, सत्येंद्र प्रकाश उपाध्याय और विजेंद्रपाल सिंह सहित विद्यालय प्रबंधन से जुड़े लोग मौजूद रहे। सभी ने बालिका शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा अलंकार न्यास और सहयोगी दानदाताओं की पहल की सराहना की।

Previous News

सावन के पहले सोमवार पर DM-SSP ने किया कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण, ड्रोन-CCTV से निगरानी

Next News

गर्भवती महिला को गलत ब्लड चढ़ाने का परिजनों ने लगाया आरोप, DM ने दिए जांच के आदेश