मथुरा। थैलीसीमिया मुक्त मथुरा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रक्तवीर संस्था द्वारा गौरा नगर कॉलोनी स्थित चार संप्रदाय आश्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बृजवासी चैरिटेबल ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित संस्था के 64वें रक्तदान शिविर में 6 महिलाओं सहित कुल 44 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संदेश दिया।
शिविर का शुभारंभ महंत ब्रज बिहारी दास महाराज और शैलेश गुप्ता ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से ही जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है। पहली बार रक्तदान करने वाली पूजा ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि रक्तदान करके उन्हें बेहद खुशी महसूस हुई।
संस्था के संस्थापक मुकेश अग्रवाल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य थैलीसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए नियमित रूप से रक्त की उपलब्धता बनाए रखना है। उन्होंने रक्तदान को पुनीत कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इससे जुड़ने की अपील की।
शिविर में सर्व ब्राह्मण महासभा के रामेश्वर दयाल शर्मा और दिनेश शर्मा सहित दक्ष गोयल, बृजकिशोर, श्यामसुंदर शाह, शैलेश अग्रवाल, बलराम शाह, गौरी और कीर्ति मिश्रा समेत कई लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
बृजवासी ब्लड बैंक के शुभम अग्रवाल ने बताया कि ऐसे शिविरों से एकत्रित रक्त थैलीसीमिया और कैंसर के मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है। इस अवसर पर अशोक अग्रवाल, पवन, निशा रानी और ऋषि वशिष्ठ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।