Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 03 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दिव्य फूल बंगले में विराजे बाबा लालदास, जय-जयकार से गूंजा कोसीकलां

कोसीकलां। मेवात के महान संत 1008 बाबा लालदास महाराज का 486वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। रत्नाकर सागर स्थित रामलीला मैदान के समीप बाबा लालदास मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आकर्षक फूलों से सजे दिव्य फूल बंगले में बाबा लालदास के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे और जय-जयकार से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।

श्रद्धालुओं ने बाबा लालदास पर पुष्पवर्षा कर आरती उतारी और चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ और पूजन-अर्चन के साथ हुई। वहीं मंदिर में सजाई गई छप्पन भोग की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

मां वैष्णो ग्रुप कोसीकलां की ओर से आयोजित भजन संध्या में भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूम उठे। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

जन्मोत्सव के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें साधु-संतों, अनुयायियों, नगर के गणमान्य नागरिकों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं। बाबा लालदास महाराज के जयघोष से कोसीकलां का वातावरण देर तक भक्तिमय बना रहा।

Previous News

थैलीसीमिया मुक्त मथुरा के संकल्प के साथ रक्तवीर संस्था ने लगाया रक्तदान शिविर, 44 लोगों ने किया रक्तदान

Next News

पहली बार चुनावी मैदान में उतरे प्रशांत किशोर आगे, BJP के नीरज सिन्हा दूसरे और RJD की रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर