मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के नरहौली में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बहन के प्रेम संबंध का विरोध करने से नाराज उसके प्रेमी ने युवक को अपने साथ ले जाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान आगरा निवासी गोविंद के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी मुकेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक गोविंद की पत्नी राजकुमारी के मुताबिक, गोविंद की बहन का नरहौली निवासी ई-रिक्शा चालक मुकेश से प्रेम संबंध था। गोविंद इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर मुकेश उससे रंजिश रखने लगा था।
राजकुमारी का आरोप है कि शनिवार रात मुकेश गोविंद के पास पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद कथित तौर पर शराब पिलाई गई और धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में युवक का शव कुसुम वाटिका क्षेत्र में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलने पर थाना हाईवे पुलिस और सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से कुसुम वाटिका में एक अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान आगरा निवासी गोविंद के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी राजकुमारी की तहरीर के आधार पर मुकेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हत्या के पीछे प्रेम संबंधों के विरोध की बात आरोप के रूप में सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।