मथुरा। ग्राम गणेशरा के समीप स्थित द रुद्राक्ष स्पोर्ट्स हब में बॉक्स क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवनिर्मित बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड पर दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। पहले दिन आठ मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट में जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब (JCC) की टीम ने भी हिस्सा लिया। नॉकआउट मुकाबले में जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब का सामना NGN क्लब से हुआ। टॉस जीतकर NGN क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और JCC को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 10 ओवर में 61 रन बनाए और NGN क्लब के सामने जीत के लिए 62 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी NGN की टीम निर्धारित 10 ओवर में 26 रन ही बना सकी।
इस तरह जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब ने मुकाबले में 35 रनों से शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी भी मौजूद रहे।
आयोजनकर्ता परमानंद पचौरी ने बताया कि बॉक्स क्रिकेट को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं और दो दिनों तक विभिन्न मुकाबले खेले जाएंगे।
आयोजकों का कहना है कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर मिलता है।