Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 02 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गोकुल के ठकुरानी घाट पर चला स्वच्छता महाअभियान, यमुना संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त ब्रज का दिया संदेश

गोकुल। ब्रज वैभव अभियान के तहत रविवार को गोकुल के प्रसिद्ध ठकुरानी घाट पर स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। अभियान में हार्टफुलनेस फाउंडेशन के स्वयंसेवियों, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और नगर पंचायत गोकुल के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से श्रमदान कर घाट एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की।

स्वच्छता अभियान के दौरान घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और पूजा-पाठ के बाद बची सामग्री को यमुना में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की गई।

इस दौरान विभिन्न राज्यों से गोकुल पहुंचे श्रद्धालुओं को स्वच्छता संबंधी पत्रक भी वितरित किए गए। इसके माध्यम से ‘ब्रज आएं, पुण्य कमाएं, गंदगी नहीं स्वच्छता की मिसाल छोड़ जाएं’ का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं से ब्रज के धार्मिक स्थलों और यमुना घाटों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

हार्टफुलनेस के कोऑर्डिनेटर निशांत शर्मा ने बताया कि ब्रज वैभव अभियान लगातार जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है और अब यह जनआंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ यहां के घाटों और पर्यावरण को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

अभियान के अंत में स्वयंसेवियों ने यमुना संरक्षण, स्वच्छ ब्रज और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही अधिक से अधिक स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता की इस मुहिम से जोड़ने का आह्वान किया गया।

Previous News

निर्माणाधीन मकान में दर्दनाक हादसा, लोहे के गार्डर गिरने से वृद्ध की मौत; दोनों पैर हुए थे गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त

Next News

ब्रज की संस्कृति और संस्कारों को अपनाएं युवा, नशे और सामाजिक बुराइयों से रहें दूर: पुंडरीक गोस्वामी महाराज