कोसीकलां। नगर की ऑफिसर कॉलोनी में रविवार को निर्माणाधीन मकान में छत डालने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बीम पर चढ़ाई जा रही तीन भारी लोहे की गार्डर अचानक नीचे गिर गईं, जिनकी चपेट में आने से 72 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गंभीर हालत में उन्हें फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, तांगड़ा निवासी गोपीचंद (72) ऑफिसर कॉलोनी स्थित अपने खेत पर रहने के लिए एक कमरे का निर्माण करा रहे थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे मजदूर छत डालने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तीन भारी लोहे की गार्डरों को बीम पर चढ़ाया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि अचानक संतुलन बिगड़ने से तीनों गार्डर एक साथ नीचे गिर गईं। उस समय गोपीचंद पास खड़े होकर निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे थे और गार्डरों की चपेट में आ गए।
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। मजदूरों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गार्डरों को हटाकर गोपीचंद को बाहर निकाला गया। हादसे में उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई।
परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गोपीचंद की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। निर्माणाधीन मकान में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।