मथुरा। लॉयंस क्लब मथुरा द्वारा आयोजित ‘लाइफ मैनेजमेंट सूत्र’ कार्यक्रम में कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी महाराज ने युवाओं को ब्रज की संस्कृति, आध्यात्मिकता और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ब्रज के युवाओं की पहचान भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की पावन नगरी से जुड़ी है, इसलिए उनका आचरण भी ब्रज की संस्कृति और गरिमा के अनुरूप होना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुंडरीक गोस्वामी महाराज ने विद्यार्थियों और युवाओं से कहा कि जीवन में केवल आर्थिक सफलता हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है। भौतिक प्रगति के साथ आध्यात्मिक उन्नति और अच्छे संस्कारों का होना भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं को धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के सिद्धांतों को समझकर जीवन में संतुलन स्थापित करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने वर्तमान युवा पीढ़ी में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और सामाजिक बुराइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से इनसे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा भक्ति, प्रेम, सेवा और संस्कारों का मार्ग अपनाकर न केवल अपना जीवन बेहतर बना सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए पुंडरीक गोस्वामी महाराज ने धार्मिक आस्थाओं के सम्मान पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार देता है, लेकिन अभिव्यक्ति के दौरान किसी भी धर्म, देवी-देवता या धार्मिक आस्था का अपमान नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने सभी धर्मों और धार्मिक मान्यताओं के प्रति सम्मान बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति आपसी प्रेम, सद्भाव और सम्मान का संदेश देती है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसकी मर्यादा बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए।