मथुरा। दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार अरुण उर्फ ‘अनु’ के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मथुरा जनपद के पत्रकारों ने एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, वृंदावन प्रेस क्लब और जिले के 68 पत्रकारों के सहयोग से एकत्रित 1 लाख 11 हजार 556 रुपये की सहायता राशि का ड्राफ्ट दिवंगत पत्रकार की पत्नी पुष्पा ठाकुर को सौंपा गया।
इस दौरान पत्रकारों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में पूरा पत्रकार समाज उनके साथ खड़ा है। साथ ही भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।
सहायता राशि का ड्राफ्ट प्राप्त करने के बाद पुष्पा ठाकुर भावुक हो गईं। उन्होंने सहयोग करने वाले सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार साथियों की ओर से मिला यह सहयोग परिवार के लिए बड़ी ताकत और संबल है।
उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि यह महज आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि पत्रकार समाज की एकजुटता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सुख-दुख की परिस्थितियों में एक-दूसरे और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने दिवंगत पत्रकार अरुण उर्फ ‘अनु’ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को याद किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।