Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 02 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
सरस्वती शिशु मंदिर में ‘अरुणोदय’ शिशु वाटिका वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

मथुरा। डैंपियर नगर के दीनदयाल नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को शिशु वाटिका वार्षिकोत्सव ‘अरुणोदय’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया।

वार्षिकोत्सव में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मंच पर एक से बढ़कर एक रंगारंग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति गीत, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और शारीरिक योग से जुड़ी विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर प्रस्तुत किया गया नाटक रहा। बच्चों ने नाटक के माध्यम से वर्तमान समय में छोटे बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से दूर रखने का संदेश दिया। प्रस्तुति के जरिए अभिभावकों को भी बच्चों की दिनचर्या और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर अभिभावकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि सामान्य रूप से वार्षिकोत्सव में सभी कक्षाओं के विद्यार्थी एक साथ भाग लेते हैं, लेकिन इस बार विशेष रूप से शिशु वाटिका के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें संस्कार, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता विकसित करना है।

Previous News

बिजली उपकेंद्र में SSO पर लाठी-डंडों और सरिया से हमला, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Next News

17.82 करोड़ का क्रिटिकल केयर सेंटर तय समय के बाद भी अधूरा, गंभीर मरीजों को आधुनिक सुविधाओं का इंतजार