मथुरा। शहर के बिरला मंदिर स्थित बिजली उपकेंद्र में एसएसओ के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों की भीड़ ने कथित तौर पर उपकेंद्र में घुसकर एसएसओ पर लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर दिया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित एसएसओ के मुताबिक, लक्ष्मी नगर क्षेत्र से बिजली आपूर्ति खराब होने की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट पाया गया। इसके बाद नई केबल बदलवाने के लिए संबंधित जेई और एसडीओ को इसकी जानकारी दे दी गई थी।
आरोप है कि इसके बावजूद शनिवार दोपहर करीब तीन बजे बिजली आपूर्ति को लेकर आक्रोशित लोगों की भीड़ बिरला मंदिर स्थित बिजली उपकेंद्र पहुंच गई। एसएसओ के वहां पहुंचते ही विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडों व सरिया से हमला कर दिया। इस दौरान अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर एसएसओ को बचाने का प्रयास किया।
मारपीट की पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
घटना के बाद पीड़ित एसएसओ की शिकायत पर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि मामले में पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।