गोवर्धन। क्षेत्र के गांव अडींग में रविवार को भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर लौटे कैप्टन रणवीर सिंह का ग्रामीणों ने जोशीले और देशभक्तिमय माहौल में भव्य स्वागत किया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति नारों से पूरा गांव गूंज उठा। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन कर वर्षों तक की गई देश सेवा को सलाम किया।
कैप्टन रणवीर सिंह वर्ष 1998 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 1999 में उनकी पहली तैनाती कारगिल क्षेत्र में हुई। इसके बाद उन्होंने पठानकोट सहित देश के विभिन्न सैन्य क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं। कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने सिपाही से कैप्टन तक का सफर तय किया।
करीब 28 वर्षों की सैन्य सेवा पूरी करने के बाद रणवीर सिंह फिरोजपुर, पंजाब से सेवानिवृत्त होकर अपने पैतृक गांव अडींग पहुंचे। उनके गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके स्वागत के लिए पहुंचे और सम्मान के साथ उन्हें गांव में लेकर आए।
इस दौरान ग्रामीणों ने कैप्टन रणवीर सिंह की सैन्य सेवा और देश के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। कैप्टन रणवीर सिंह ने कहा कि देश की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा गौरव रहा है। अपने गांव और ग्रामीणों से मिले इस सम्मान को वह हमेशा याद रखेंगे।
सेवानिवृत्त कैप्टन के स्वागत के दौरान अडींग गांव का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।