मथुरा। थाना जैत क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा-वृंदावन मार्ग पर छटीकरा के समीप ट्रक और कंटेनर के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और हादसे के बाद मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
दुर्घटना के चलते हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और वाहन चालकों को काफी देर तक जाम का सामना करना पड़ा। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े होने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतारें बढ़ती चली गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना जैत पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कंटेनर को सड़क से हटाकर किनारे कराया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना में एक चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।