यह हादसा महाराष्ट्र के मालशेज घाट स्थित कालू वॉटरफॉल के पास हुआ। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कालू नदी का जलस्तर और बहाव बेहद तेज था। इसके बावजूद कुछ पर्यटक नदी और झरने के पास पहुंच गए। इसी दौरान तीन लोग तेज धारा की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों और बचाव दल ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एक पर्यटक को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन दो युवक तेज बहाव में बह गए। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव नदी से बरामद किए गए।
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय रमन विजय अन्नापुरे और 18 वर्षीय पवन शाम साठे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों एक-दूसरे को नहीं जानते थे और अलग-अलग दोस्तों के समूह के साथ मालशेज घाट घूमने आए थे। रमन पुणे में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे, जबकि पवन बुलढाणा के रहने वाले थे और पुणे में अपने भाई के साथ रह रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक युवक नदी पार करने की कोशिश कर रहा था, जबकि दूसरा वॉटरफॉल के पास तेज बहाव में फंस गया। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और दोनों पानी की तेज धारा में बह गए।
पुलिस ने बताया कि खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही कालू वॉटरफॉल और आसपास के इलाके में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगाई थी। लोगों से बार-बार अपील की जा रही थी कि वे नदी, झरनों और घाट क्षेत्रों से दूर रहें, लेकिन इसके बावजूद कुछ पर्यटक वहां पहुंच गए और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से मानसून के दौरान जोखिम वाले पर्यटन स्थलों पर जाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण नदियों और झरनों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे कुछ ही पलों में जानलेवा स्थिति पैदा हो सकती है।
इस घटना के बाद मालशेज घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। प्रशासन पर्यटकों से अपील कर रहा है कि चेतावनी और प्रतिबंधों का पालन करें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।