मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) द्वारा यमुना पार क्षेत्र में बनाए जा रहे ग्रीन लेन प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों की चिंताएं बढ़ गई हैं। सोमवार को यमुना पार क्षेत्र के सैकड़ों लोग डैंपियर नगर स्थित मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और MVDA सचिव को ज्ञापन सौंपकर ग्रीन लेन की डिजाइन में बदलाव की मांग की।
स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्तमान डिजाइन के अनुसार ग्रीन लेन के लिए बनाई जा रही कर्ब (Kerb) सड़क से करीब एक फीट से अधिक ऊंची बनाई जा रही है और इसे सड़क के बिल्कुल किनारे बनाया जा रहा है। इससे सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो रही है, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी और व्यस्त समय में जाम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
लोगों का कहना है कि ऊंची कर्ब के कारण स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और ग्राहकों को सड़क पार करने के साथ-साथ दुकानों और प्रतिष्ठानों तक पहुंचने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उनका मानना है कि यदि वर्तमान डिजाइन में बदलाव नहीं किया गया तो भविष्य में आम जनता को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि ग्रीन लेन की डिजाइन का पुनर्मूल्यांकन किया जाए और कर्ब की ऊंचाई एवं निर्माण शैली में आवश्यक संशोधन किए जाएं। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि जब तक जनहित के अनुरूप आवश्यक बदलाव नहीं किए जाते, तब तक निर्माण कार्य पर रोक लगाकर पूरे मामले पर पुनर्विचार किया जाए।
ज्ञापन देने पहुंचे व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ग्रीन लेन परियोजना में आवश्यक सुधार करेगा, ताकि विकास कार्यों के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा भी प्रभावित न हो।