Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 25 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
रास्ते में भरे पानी को लेकर खूनी संघर्ष, पथराव और मारपीट में 2 महिलाओं समेत 5 घायल

मथुरा। थाना जमुनापार क्षेत्र के पानीघाट इलाके में शुक्रवार रात रास्ते में भरे पानी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। किशोरी कुंज आश्रम के पास हुई इस घटना में एक ही पक्ष के दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के दौरान लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

घायल पक्ष के मुस्ताक के अनुसार, इलाके में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण रास्ते में लंबे समय से पानी भरा रहता है। इसी बात को लेकर पड़ोसी सतीश से विवाद चल रहा था। आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे सतीश अपने आधा दर्जन साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कथित तौर पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया।

हमले में मुस्ताक, नूर मोहम्मद, गुड्डू, साबरा और नूरबानो घायल हो गए। घायलों में एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गुड्डू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना का वायरल वीडियो भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है

Previous News

पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे और फरसे, आधा दर्जन से अधिक घायल

Next News

'यह लोकतंत्र की जीत है', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सोनम वांगचुक ने दिखाया विक्ट्री साइन