छत्तीसगढ़ के भिलाई में एकतरफा प्यार का खौफनाक अंजाम सामने आया है। 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा की उसके पीजी में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने आरोपी के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था और उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची।
जांच में सामने आया कि आरोपी रायपुर से चाकू लेकर भिलाई पहुंचा, पहले छात्रा की लोकेशन जुटाई और एक दिन तक रेकी की। इसके बाद वह पीजी में घुसा, पहले गला दबाने की कोशिश की और फिर चाकू से कई वार कर दिए। पूरी वारदात महज चार मिनट में अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।