मथुरा। राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेले के शुभारंभ के साथ ही मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं लागू कर दी हैं। हालांकि यह ऐतिहासिक मेला नगर निगम क्षेत्र से बाहर गोवर्धन में आयोजित होता है, लेकिन लाखों श्रद्धालु मथुरा शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों से होकर गोवर्धन पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शहरभर में साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान शुरू किया है।
मेले के पहले दिन गुरुवार को नगर निगम की टीम ने गोवर्धन चौराहे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। इस कार्रवाई का उद्देश्य श्रद्धालुओं और वाहनों के आवागमन को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखना है।
इसके साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कूड़ा उठान, जलभराव की रोकथाम और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि 23 जुलाई से 29 जुलाई तक चलने वाले राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, जलभराव की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।