जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की आतंकी हमले में हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा अभियान चलाया है। प्रशासन ने लश्कर-ए-तैयबा के दो सक्रिय आतंकियों आदिल अहमद ठोकर और हारून रशीद गनई के घर ध्वस्त कर दिए। यह कार्रवाई आतंकी नेटवर्क और उनके समर्थन तंत्र पर शिकंजा कसने के अभियान का हिस्सा बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी पर बुधवार को अनंतनाग के लाल चौक इलाके में ड्यूटी के दौरान आतंकियों ने करीब से गोलीबारी की थी, जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया और कई स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए।
सुरक्षा एजेंसियों ने कश्मीर घाटी में आतंकियों और उनके मददगारों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और आतंकियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आतंकवाद और उसके समर्थन तंत्र के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।