उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन सगी बहनों ने एक ही युवक के साथ शादी करने का दावा किया है। चामुंडा मंदिर में कथित रूप से हुई इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तीनों बहनें एक ही युवक के साथ फेरे लेती, सिंदूर लगवाती और आशीर्वाद लेती दिखाई दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों बहनें सोशल मीडिया पर रील और वीडियो कंटेंट बनाती हैं और जिस युवक से उन्होंने शादी की है, वह उनका कैमरामैन है। बहनों का कहना है कि वे बचपन से साथ रही हैं और शादी के बाद भी अलग नहीं होना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने एक ही युवक से विवाह करने का फैसला किया।
हालांकि, इस मामले को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। कुछ हिंदू संगठनों ने इसे परंपराओं के खिलाफ बताते हुए जांच की मांग की है। वहीं, चामुंडा मंदिर प्रशासन ने मंदिर परिसर में इस तरह की शादी होने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि अब तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।