मथुरा के महावन तहसील क्षेत्र के नगला गुखरोली ग्राम सभा में राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर राशन डीलर के खिलाफ प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए राशन में धांधली, अभद्र व्यवहार और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों ने कोटेदार का लाइसेंस निरस्त करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
महावन तहसील पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन डीलर लंबे समय से सरकारी राशन वितरण में अनियमितताएं कर रहा है। उनका कहना है कि कई पात्र परिवारों को पिछले दो महीनों से राशन नहीं मिला, जबकि अंत्योदय कार्डधारकों को भी नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया जा रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार पहले लाभार्थियों के अंगूठे लगवा लिए जाते हैं, लेकिन बाद में राशन देने से मना कर दिया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राशन लेने आने वाले लोगों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा शिकायत करने वालों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है।
ग्रामीणों का यह भी दावा है कि कोटेदार गांव में नहीं रहता और उसकी जगह कोई अन्य व्यक्ति दुकान का संचालन कर रहा है। साथ ही आरोप लगाया गया कि कई बार राशन देने के बजाय पैसे देकर मामला शांत करने का प्रयास किया जाता है।
इन आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी महावन प्रजक्ता त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर राशन डीलर का लाइसेंस निरस्त करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पात्र लाभार्थियों को नियमित एवं पारदर्शी तरीके से राशन उपलब्ध कराने की मांग की।