मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर जहां जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं, वहीं उत्तर प्रदेश रोडवेज भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रोडवेज विभाग ने 1100 बसों के संचालन की व्यवस्था की है। साथ ही 23 जुलाई से 30 जुलाई तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश भी निरस्त कर दिए गए हैं।
मथुरा डिपो के केंद्र प्रभारी जयप्रकाश शुक्ला ने बताया कि मुड़िया पूर्णिमा मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज विभाग की ओर से करीब 1100 बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि 23 जुलाई से 30 जुलाई तक रोडवेज के सभी चालक, परिचालक, अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। इस अवधि में सभी कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
रोडवेज विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कर्मचारी बिना वैध कारण के अवकाश पर पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य मेले के दौरान परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।