मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र के गांव तियापुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन टूटकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे तियापुर स्थित पानी की टंकी के पास अचानक 11 केवी की हाई-टेंशन विद्युत लाइन टूटकर नीचे गिर गई। उसी दौरान वहां मौजूद विनीत करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थाना जमुनापार पुलिस और विद्युत विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र की जर्जर बिजली लाइनों की समय पर मरम्मत नहीं की जाती। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और गांव की विद्युत व्यवस्था की तत्काल जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।