वृंदावन। वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान के परिसर में बने ओपन एयर थिएटर में वैश्विक आध्यात्मिक संस्था हार्टफुलनेस के तत्वावधान में ध्यान शिविर एवं आध्यात्मिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और साधकों ने सहभागिता कर ध्यान सत्र का अनुभव किया।
ध्यान शिविर के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मनुष्य के जीवन में शांति, संतुलन और आत्मिक उन्नति का आधार हृदय से जुड़ाव है। धर्म, ईश्वर, परंपरा और मान्यताओं पर चर्चा करते हुए बताया गया कि ईश्वर को केवल अनुभूति के माध्यम से ही जाना जा सकता है और यह अनुभूति ध्यान, प्रेम तथा आत्मचिंतन से संभव है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, आगरा मंडल के मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्यान सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित ध्यान एवं हृदय-केंद्रित साधना अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जीवन में संतुलन, सद्भाव और आंतरिक शांति का प्रसार करना रहा।