Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 19 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अब ऐप पर मिलेंगे श्रमिक, 'डिजिटल लेबर चौक' से रोजगार होगा आसान: सहायक श्रम आयुक्त राजकुमार

मथुरा। उत्तर प्रदेश श्रम विभाग ने श्रमिकों और नियोक्ताओं की सुविधा के लिए 'डिजिटल लेबर चौक' मोबाइल ऐप की शुरुआत की है। इस ऐप के माध्यम से अब श्रमिक, मिस्त्री और ठेकेदार ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे तथा रोजगार और श्रमिकों की उपलब्धता की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान और पारदर्शी होगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक श्रम आयुक्त राजकुमार ने बताया कि डिजिटल लेबर चौक ऐप श्रमिकों और ठेकेदारों के बीच एक डिजिटल पुल का कार्य करेगा। अब लोगों को मजदूरों की तलाश में लेबर अड्डों पर भटकने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि मोबाइल ऐप के जरिए अपनी आवश्यकता के अनुसार श्रमिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से श्रमिकों का डिजिटल डेटा तैयार होगा, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, आंकड़ों का विश्लेषण करने और भविष्य की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायता मिलेगी। अधिक से अधिक श्रमिकों और ठेकेदारों को इस पहल से जोड़ने के लिए श्रम विभाग के कार्यालयों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।

सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि मथुरा जनपद में पहले से बड़ी संख्या में श्रमिक पंजीकृत हैं। अब विभाग इन सभी पंजीकृत श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चला रहा है।

उन्होंने कहा कि इस ऐप का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को आसानी से रोजगार उपलब्ध कराना, ठेकेदारों को उनकी आवश्यकता के अनुसार श्रमिक उपलब्ध कराना तथा श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें अधिकतम लाभ पहुंचाना है। इससे श्रमिकों और नियोक्ताओं दोनों को समय की बचत के साथ बेहतर सुविधा मिलेगी।

Previous News

राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO बनने की दौड़ तेज, 2300 से अधिक आवेदन; शॉर्टलिस्टिंग शुरू

Next News

वृंदावन में हार्टफुलनेस ध्यान शिविर आयोजित, प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया ध्यान सत्र में भाग