मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह बीमार हालत में मिले एक बुजुर्ग की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। सूचना मिलने पर आरपीएफ ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। अब जीआरपी शव की पहचान कराने में जुटी है।
शनिवार सुबह मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक करीब 65 वर्षीय व्यक्ति बीमार अवस्था में लावारिस हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा में भर्ती कराया।
अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना की जानकारी आरपीएफ ने जीआरपी को दी, जिसके बाद जीआरपी पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीआरपी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक ने अस्पताल ले जाते समय केवल अपना नाम अजय पाल बताया था। इसके अलावा वह अपना पता या अन्य कोई जानकारी नहीं दे सका। मृतक के शरीर पर भी पर्याप्त कपड़े नहीं थे, जिससे उसकी पहचान करना और कठिन हो गया है।
फिलहाल जीआरपी मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।