मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र के गांव हमीरपुर में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। रसोई में खाना लेने पहुंचे 8 वर्षीय मासूम का पैर फिसल गया और वह गरम चावल से भरी केतली पर गिर गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलदेव ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है।
घटना थाना बलदेव क्षेत्र के गांव हमीरपुर की है। जानकारी के अनुसार, घर में खाना बन रहा था। इसी दौरान 8 वर्षीय नैतिक, पुत्र बनवारी लाल, खाना लेने के लिए रसोई में पहुंचा। तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गरम चावल से भरी केतली पर गिर पड़ा।
हादसे में मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलदेव ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया।
घायल बच्चे के बाबा ने बताया कि उनकी पुत्रवधू रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान नैतिक खाना लेने पहुंचा और हादसे का शिकार हो गया।