मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित पुरानी छावनी इलाके में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना नदी में मछलियों को दाना डालने गए एक वृद्ध की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गोविंद लाल मारवाड़ी रोज की तरह शुक्रवार शाम करीब चार बजे यमुना पुल पर मछलियों को दाना डालने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दाना डालते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे उफनती यमुना के गहरे पानी में गिर गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक लगातार तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद गोविंद लाल का शव यमुना से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भतीजे राजीव ठाकुर ने बताया कि गोविंद लाल का प्रतिदिन यमुना जाकर मछलियों को दाना खिलाने का नियम था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी दिन होगा।
पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।