(मथुरा)। नगर की होनहार बेटी माधुरी सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर कोसीकलां, गांव शेरनगर और पूरे जनपद मथुरा का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन ने उनके आवास पहुंचकर स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
फेडरेशन की अध्यक्ष रूपल जैन और महामंत्री श्वेता जैन ने कहा कि माधुरी सिंह की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बेटियां यदि दृढ़ संकल्प और मेहनत के साथ आगे बढ़ें तो हर मुकाम हासिल कर सकती हैं। वहीं मोनिका गुप्ता ने कहा कि ऐसी बेटियां ही अपने माता-पिता, गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करती हैं।
माधुरी सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा में महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने ऑल ओवर मेरिट सूची में पांचवीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
सम्मान समारोह के दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि माधुरी की सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्र की युवतियों से माधुरी सिंह से प्रेरणा लेकर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
माधुरी सिंह के माता-पिता ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे परिवार, गांव और जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय माधुरी की निरंतर मेहनत, अनुशासित जीवनशैली और परिवार के सहयोग को दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माधुरी सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वह पुलिस सेवा में भी उत्कृष्ट कार्य कर समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।