(मथुरा)। नगर की रामनगर कॉलोनी स्थित श्री जाहरवीर (गोगाजी) महाराज मंदिर, महावीर बगीची में गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा जाहरवीर महाराज का दुग्धाभिषेक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया और नगर की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर समिति ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त 2026 (शनिवार) को बाबा जाहरवीर (गोगाजी) महाराज की भव्य शोभायात्रा एवं आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। शोभायात्रा सायं 6 बजे श्री जाहरवीर (गोगाजी) महाराज मंदिर, महावीर बगीची, रामनगर, वाटर वर्क्स, कोसीकलां से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकलेगी।
इसके अलावा 13 अगस्त 2026 (गुरुवार) को रात्रि 9 बजे मंदिर परिसर में फूल बंगला एवं विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्री जाहरवीर बाबा जागरण पार्टी, कोसीकलां द्वारा बाबा के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं 15 अगस्त को निशान छड़ी शोभायात्रा भी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी।
मंदिर समिति ने सभी नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेले एवं धार्मिक आयोजनों में तन, मन और धन से सहयोग देकर पुण्य के भागी बनें तथा अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं। श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर अभी से उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।