महाराष्ट्र के वर्धा जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। वर्धा के रोथा गांव में एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद पत्थर से सिर कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई है। इस घिनौने अपराध का आरोप गांव के ही 30 वर्षीय राहुल राहु मडावी नाम के शख्स पर लगा है।
आरोपी राहुल पीड़िता के घर के पास ही एक खेत में मजदूरी का काम करता था और उसका पीड़िता के घर आना-जाना था। जब बच्ची के माता-पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, तब आरोपी ने बच्ची को अकेला पाकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वर्धा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सौरभ कुमार अग्रवाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 10 पुलिस अधिकारियों की एक स्पेशल टीम गठित की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज (17 जुलाई) कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश है और स्थानीय लोग आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।