मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल थाना क्षेत्र के ग्राम नांदनी में 10 वर्षीय छात्र प्रियांशु मेवाड़ा का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रियांशु गुरुवार शाम से लापता था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के पास बिजली कंपनी के पावर ग्रिड के निकट एक खंडहरनुमा भवन से बरामद हुआ।
मृतक प्रियांशु किसान सुरेश मेवाड़ा का पुत्र था और चौथी कक्षा में पढ़ता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक घनश्याम चंद्रवंशी और प्रियंका शुक्ला मौके पर पहुंचे। दोनों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि घटना से पहले किसी व्यक्ति ने प्रियांशु को गुटखा पाउच लाने के लिए भेजा था। इसी आधार पर पुलिस ने संदेह के चलते एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।