हरियाणा के गुरुग्राम में दोस्ती खूनी वारदात में बदल गई। सेक्टर-65 इलाके में 28 वर्षीय आकाश की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लकी ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से कथित तौर पर गोली चलाई, जो आकाश के सिर में जा लगी। घटना के बाद आरोपी घायल दोस्त को निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों बुधवार रात कार में घूमने निकले थे। उसी दौरान कार में मौजूद लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चली। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि गोली गलती से चली या दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस आरोपी लकी की तलाश में जुटी है और घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।