Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 16 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
महोबा में युवक के दोनों हाथ काटने का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी बोला– "मुझे कोई अफसोस नहीं"

उत्तर प्रदेश के महोबा में युवक के दोनों हाथ काटने की सनसनीखेज वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मामले में नामजद एक बीजेपी नेता सहित अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के समदनगर इलाके में दो दिन पहले हुई दिल दहला देने वाली वारदात में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित बेड़िया और उसके साथी नादिर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी रोहित बेड़िया को वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी के साथ दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने मीडिया के सामने कहा कि "मुझे अपने किए पर कोई अफसोस नहीं है।"

गौरतलब है कि कानपुर-सागर हाईवे पर 28 वर्षीय जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला किया गया था, जिसमें उसके दोनों हाथ कट गए। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने इस मामले में नामजद स्थानीय बीजेपी युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी शिवप्रताप सिंह परमार सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि शिवप्रताप सिंह परमार, छुट्टू बेड़िया और अन्य हमलावर अभी भी फरार हैं।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Previous News

मथुरा पुलिस लाइन में 'जल शपथ' कार्यक्रम, जल संरक्षण का लिया संकल्प

Next News

रास्ता विवाद ने लिया हिंसक रूप, उग्र भीड़ ने पीआरबी-112 की गाड़ी में की तोड़फोड़