उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। फैंटम ड्यूटी पर तैनात एक युवा सिपाही ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक जवान ने इतना बड़ा कदम उठा लिया? देखिए हमारी ये रिपोर्ट।
बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के लखावटी इलाके में तड़के करीब तीन बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब फैंटम ड्यूटी पर तैनात सिपाही सुधीर ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक सिपाही सुधीर आगरा जिले के इरादतनगर थाना क्षेत्र के गांव संगेचा का निवासी था और वर्ष 2025 बैच का पुलिसकर्मी था। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक युवा पुलिसकर्मी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। क्या इसके पीछे व्यक्तिगत कारण थे या ड्यूटी से जुड़ा कोई दबाव? इन सभी पहलुओं की जांच जारी है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस मामले से जुड़े नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।