मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र के गांव राल स्थित तिलक इंटर कॉलेज में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। स्कूल परिसर में बस बैक करते समय दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले 7 वर्षीय छात्र नितिन की बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक नितिन गांव पेलखू नगला नेता का रहने वाला था और अपने पिता गंगदेव का इकलौता लाडला था।
हादसे की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया और स्कूल कार्यालय के साथ-साथ खड़ी स्कूल बस में भी तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही थाना जैंत पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन नाराज ग्रामीण राधाकुंड मार्ग पर सड़क पर बैठ गए।
उधर, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
"घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।"