मथुरा के छाता थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां शादी के महज एक महीने बाद ही एक नवविवाहिता का सुहाग उजड़ गया। संस्कृती यूनिवर्सिटी के पीछे रेलवे ट्रैक पर 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरसाना निवासी सीताराम के रूप में हुई है, जो पिछले 12 जुलाई से लापता था।
परिजनों के अनुसार, सीताराम एक निजी कंपनी में कार्यरत था और बजाज कंपनी में नौकरी करता था। 12 जुलाई को वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने थाना पहुंचे।
इसी दौरान पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास मिले एक अज्ञात युवक के शव की जानकारी मिली। हुलिए और मोबाइल फोन के आधार पर शव की पहचान सीताराम के रूप में हुई। जैसे ही यह सूचना परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया। कुछ ही दिन पहले जिस घर में शहनाइयां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
मृतक के ताऊ रामरतन ने बताया कि सीताराम की शादी करीब एक महीने पहले हुई थी। परिवार में किसी प्रकार का कोई विवाद या गृहकलह नहीं था। ऐसे में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब भी रहस्य बना हुआ है।
फिलहाल छाता थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।