महाराष्ट्र के अमरावती में लड़की से जुड़े विवाद ने खूनी रूप ले लिया। राजेंद्र कॉलोनी–विजय कॉलोनी इलाके में 24 वर्षीय आफाक शेख शकील की धारदार हथियारों से बीच सड़क पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों को समझौते के बहाने बुलाया गया था, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आफाक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमलावरों ने युवक के गले, छाती और पेट पर कई वार किए। खुद को बचाने के दौरान उसने हाथ आगे किया तो धारदार हथियार के वार से उसका हाथ का पंजा कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनमें तीन नाबालिग और एक बालिग शामिल हैं। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।