महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में दूध में मिलावट के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1,525 किलोग्राम व्हे पाउडर और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। आरोप है कि इस पाउडर का इस्तेमाल दूध की मात्रा और फैट बढ़ाने के लिए किया जाता था। मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया कि सोलापुर के अकलूज से व्हे पाउडर लाकर धाराशिव के भूम क्षेत्र के विभिन्न दूध संग्रह केंद्रों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस पाउडर का उपयोग कर बड़े पैमाने पर मिलावटी दूध तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे। इस कार्रवाई में 61 बोरी संदिग्ध पाउडर जब्त किया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि शुरुआती पड़ताल में पिछले छह महीनों के दौरान करोड़ों लीटर मिलावटी दूध की सप्लाई की आशंका सामने आई है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ऐसे मिलावटी दूध का लंबे समय तक सेवन करने से लीवर, किडनी और पाचन तंत्र पर गंभीर असर पड़ सकता है। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और दूध खरीदने वाले नेटवर्क की भी जांच कर रही है।