विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा के लिए गोवर्धन पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए रेलवे ने वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन पर करीब आधा दर्जन ट्रेनों के अस्थायी ठहराव का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार दिल्ली की ओर से आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस, गीता जयंती एक्सप्रेस, ईएमयू शटल समेत कई प्रमुख ट्रेनें वृंदावन रोड स्टेशन पर रुकेंगी। इससे श्रद्धालु यहीं उतरकर राधाकुंड और गोवर्धन के लिए आसानी से रवाना हो सकेंगे और बिना किसी परेशानी के गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर सकेंगे।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह विशेष व्यवस्था 24 जुलाई से 30 जुलाई तक लागू रहेगी। इस फैसले से मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ कम होगी और श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक सुगम और सुविधाजनक बनेगी।
रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करें।