छतरपुर जिले के गढ़ीमलेहरा क्षेत्र में टैंकर के अंदर पेंटिंग के दौरान दो मजदूरों की मौत के बाद सोमवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे सागर-कानपुर हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना के बाद गैराज संचालक ने टैंकर से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को गायब कर दिया है, जिससे मजदूरों की मौत की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि यदि किसी की भी लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।